Thursday, March 19, 2026

रेलवे बस्ती में साफ पेयजल नहीं, गंदगी से बढ़ रही संक्रामक बीमारियां

नगर निगम पर उपेक्षा का आरोप लगाया बस्तीवासियों ने

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर रेलवे स्टेशन बस्ती के लोग कई महीनों से गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा इन समस्याओं का निवारण नहीं किए जाने से बस्तीवासी नारकीय जीवन जीने मजबूर हैं। बस्तीवासियों ने बताया कि यहां न तो पीने के लिए साफ पानी की उपलब्धता है ना ही बारिश के पानी की निकास के लिए कोई व्यवस्था है। इससे झुग्गियों में रहते हुए खुद को सुरक्षित रखना बेहद मुश्किल है। यहां आए दिन ये लोग बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक का स्वास्थ्य हमेशा खराब रहता है।यहां छत्तीसगढ़ शासन की स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत मेडिकल वैन भी नहीं आती है, इससे बस्तीवासी इलाज नहीं करवा पाते हैं।
बस्ती में वर्षों से बोरिंग खराब पड़ी है। इससे लोगों को साफ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। यहां की नालियां गंदगी से पटी हुई है। निगम का अमला यहां सफाई के लिए नहीं पहुंचता है, इससे गंदगी चारों तरफ पसरी हुई है। इससे संक्रामक बीमारियां फैल रही है। बस्तीवासियों का कहना है कि यहां के जनप्रतिनिधि को इन समस्याओं के बारे में कई बार बताया गया और जोन कार्यालय में भी लिख कर दिया गया है। इसके बावजूद कहीं कोई सुनवाई नहीं है। बस्ती में आंगनबाड़ी नहीं होने से यहां के बच्चों को पोषण आहार नहीं मिल पा रहा है और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। यहां ज्यादातर बच्चे कुपोषण का शिकार हैं।


बस्तीवासियों का कहना है कि नालियों की सफाई न होने से बारिश का पूरा गंदा पानी घरो में भर रहा है और इससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। बस्तीवासियों का आरोप है कि वार्ड-67 के पार्षद उमेश साहू को सारी समस्याओं से अवगत करा चुके हैं लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। यहां की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। बस्तीवासियों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर तय काम भी रोक दिए गए हैं। बस्तीवासियों के मुताबिक बगल के वार्ड में 60-70 मजदूर काम करते दिखते हैं लेकिन हमारे वार्ड के लिए मजदूरों की कमी का बहाना बना दिया जाता है।
भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष राजा सोनानी और समस्त वार्डवासियों ने बताया कि हाल की बारिश से मच्छर व कीड़े-मकोड़े बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। इसका सीधा असर बस्तीवासियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बस्तीवासियों ने इन समस्याओं के समाधान की मांग की है। उक्ताशय की मांग करने वालों में कंचन बाई, कुंती बाई, रीता देवी, वरलक्ष्मी, सरिता साहू, सरिता सोनकर, शिववती रानी, सरिता, नीतू, रेणुका, सुलोचना सोनानी, वर्षा सोनानी, खिरोल,बेला बाई, पूनम महतो, सीमा महतो, मीणा बघेल, ललित, प्रमिला, मीना, लक्ष्मी सोनी, मंजू बाग, गुड्डी, दीप, शीला, पुष्पा निषाद, प्रीति, निधि, ममता और विमल निषाद सहित अन्य शामिल हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news