Sunday, March 15, 2026

अंडरब्रिज से सफर का इंतजार खत्म, इस दिन से खुलेगा सुपेला और टाउनशिप को जोड़ने वाला वाई शेप अंडरब्रिज

दुर्ग : न्यूज़ 36 : ज़िले के सबसे सुंदर अंडरपास से सफर का इंतजार अब पूरा होने को है। सुपेला और टाउनशिप को जोड़ने वाले वाईशेप अंडरब्रिज शुक्रवार से लोगों के लिए खुल जाएगा। रेलवे ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अंडरब्रिज में विद्युतिकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है।दोनों तरफ एलईडी लाइट्स लगाई गई हैं जिसका ट्रायल भी पूरा कर लिया गया। रेलवे अफसरों ने 17 मई शुक्रवार से इसे शुरू करने का संकेत दे दिया है।

आपको बता दे की 16 अगस्त 2022 को रेलवे क्रासिंग बंद कर अण्डरब्रिज निर्माण शुरू किया गया। शुरुआत में स्वरूप को लेकर विरोध के चलते काम की गति प्रभावित हुई थी। गतिरोध खत्म होने के बाद अंडरब्रिज का निर्माण तेजी से शुरू हुआ। लगभग 20 माह में अंडरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। अंडरब्रिज की भीतरी दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां अंडरब्रिज की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। अंडरब्रिज निर्माण के बाद इसके शुरू होने का इंतजार भिलाई वासियों को हैं और अब यह इंतजार खत्म हो रहा है। अण्डरब्रिज में सुपेला की ओर खुलने वाले मुख्य लेन में डिवाइडर बनाया गया है। वहीं टाउनशिप की ओर दो भागों में विभक्त होने से इस अण्डरब्रिज का आकार अंग्रेजी के वाय शेप है। सुपेला की दिशा में लंबाई 230 मीटर है। वहीं टाउनशिप की ओर यह दो दिशा में विभक्त हो जाएगी।

एक दिशा में यह सेक्टर-6 की ओर यानी दुर्ग की ओर मुड़ जाएगी। दूसरी तरफ सेक्टर-2 और मस्जिद की ओर टर्न लेगा।इसकी लंबाई 160-160 मीटर की होगी। यह अण्डरब्रिज की चौड़ाई व ऊंचाई पास के चन्द्रा-मौर्या और प्रियदर्शिनी परिसर अण्डरब्रिज के मुकाबले अधिक है। जिसके चलते बड़े वाहनों को गुजरने में आसानी होगी।अंडरब्रिज के भीतर काफी आकर्षक चित्रकारी की गई है। इसकी भीतरी दीवारों में कहीं अभयारण्य तो कहीं तारामंडल की कलाकृति को छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने उकेरा है।सुपेला की ओर से टाउनशिप की ओर जाने पर मोड के पास आकर्षक तितलियों की झांकियां भी सजाई गई हैं। इसके साथ ही ब्रिज के भीतर एलईडी लाइट की रोशनी की गई है जो रात में अंडरब्रिज की सुंदरता को और भी बढ़ा देती हैं। ब्रिज से गुजरने वाले एक अलग ही अनुभव महसूस करेंगे। सुपेला ब्रिज के शुरू हो जाने से चंद्रा-मौर्या और प्रियदर्शिनी परिसर अंडरब्रिज पर से ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। छात्र छात्राओं, नौकरी पेशा सहित आम लोगों को पटरी पार आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। यह अण्डरब्रिज वन वे होने से लोगों को गलत दिशा में आवाजाही से रोकने ट्रेफिक पुलिस की ओर से सूचना फलक लगाया गया है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने ट्रेफिक पुलिस की तैनाती रहेगी।वहीं ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि सुपेला अंडरब्रिज में लाइटिंग का काम शेष था उसे पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अंडरब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है। इसे आम लोगों के लिए खोलने को लेकर रेलवे अफसरों से चर्चा की गई। रेलवे की ओर से और हमारी ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 17 मई से आम लोगों के लिए अंडरब्रिज को शुरू कर दिया जाएगा।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news