Sunday, August 9, 2026

पालिसी अपडेट कराने के नाम पर ठग लिए 89 हजार रुपये

भिलाई : न्यूज़ 36 : मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पालिसी का प्रीमियम जमा कराने और पालिसी अपडेट कराने के नाम पर सेक्टर-10 निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति से 89 हजार रुपये की आनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने मोबाइल नंबर और बैंक खाता धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेक्टर-10 निवासी अनिल कुमार पी. 28 जुलाई को अपने कार्यालय डीपीएस स्कूल में थे। दोपहर करीब 1.45 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम राहुल शर्मा बताया और उनकी पत्नी के नाम से संचालित मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पालिसी से संबंधित जानकारी बताई। आरोपी ने पीड़ित को बताया कि पालिसी का दूसरा प्रीमियम लंबित है और इसके लिए एक लाख सात हजार 455 रुपये का भुगतान करना होगा। आरोपी ने कम राशि में भुगतान कराने का झांसा देते हुए करीब 18 हजार रुपये की छूट की बात कही। इसके बाद उसने वाट्सएप के माध्यम से मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के नाम से एक पेमेंट लिंक भेजा। आरोपी के बताए तरीके से पीड़ित ने लिंक खोला और पालिसी नंबर सहित मांगी गई जानकारी दर्ज की। इसके बाद आरोपी एक बैंक खाता नंबर को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का खाता बताते हुए उसमें भुगतान करने को कहा। कंपनी का नाम सत्यापित होने की बात पर विश्वास करते हुए पीड़ित ने गूगल-पे के माध्यम से उक्त खाते में 89 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। भुगतान के बाद आरोपी ने वाट्सएप पर भुगतान की रसीद भी भेजी। दो दिन तक पालिसी में भुगतान अपडेट नहीं होने पर पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई और बैंक में भी शिकायत की।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news