Tuesday, October 20, 2026

लर्न गीता अभियान में 50वें स्वर्णिम बैच का हुआ शुभारंभ, ऑनलाइन जुटे भिलाई-दुर्ग के साधक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने किया उद्घाटन; 15 भाषाओं में घर बैठे निःशुल्क गीता सीख रहे साधक

भिलाई : न्यूज़ 36 : सनातन धर्म और श्रीमद्भगवद्गीता के पावन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘गीता परिवार’ के ‘लर्न गीता अभियान’ के 50वें स्वर्णिम बैच का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के गीता साधकों ने भी भारी उत्साह के साथ बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्थानीय साधक और श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से इस राष्ट्रीय उद्घाटन समारोह से जुड़े।

लर्न गीता अभियान के इस 50वें स्वर्णिम बैच का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने किया। यह कार्यक्रम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव एवं गीता परिवार के संस्थापक स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ। इस स्वर्णिम बैच के माध्यम से देशभर से एक लाख नए साधकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

19 अक्टूबर से चल रही नियमित कक्षाएं

अभियान के तहत 19 अक्टूबर से नियमित ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत साधक अपनी सुविधानुसार 15 भाषाओं और 33 अलग-अलग समय विकल्पों के माध्यम से घर बैठे पूर्णतः निःशुल्क गीता का अध्ययन कर सकेंगे। इसके पूर्व, 50 वें बैच के उपलक्ष्य में 12 अक्टूबर को अखंड गीता पारायण का आयोजन भी किया गया था, जिसमें श्रीमद्भगवद्गीता के सभी 18 अध्यायों का 19 क्रमिक आवृत्तियों में शुद्ध संस्कृत में पारायण संपन्न हुआ।

वैश्विक स्तर पर 182 देशों में फैल रहा गीता का ज्ञान

स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज द्वारा स्थापित ‘गीता परिवार’ लर्न गीता अभियान के जरिए वैश्विक स्तर पर श्रीमद्भगवद्गीता का निःशुल्क प्रचार-प्रसार कर रहा है। वर्तमान में दुनिया के 182 देशों से लगभग 17 लाख साधक इस अभियान से जुड़कर अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में श्लोकों का अध्ययन कर रहे हैं। संस्था द्वारा बच्चों और गर्भवती माताओं के लिए भी विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाता है। भिलाई-दुर्ग के साधकों ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर गीता के निष्काम कर्मयोग और जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news