दुर्ग : न्यूज़ 36 : शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के लिए गौरव का विषय है कि महाविद्यालय के 5 प्राध्यापकों का देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Science (IISc), बेंगलुरु में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है।
यह प्रशिक्षण उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, नवा रायपुर एवं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा), रायपुर द्वारा राज्य के विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, उन्नत शोध पद्धतियों एवं नवाचार से जोड़ना है। महाविद्यालय से चयनित प्राध्यापकों में गणित विभाग की डॉ. प्राची सिंह, भौतिक शास्त्र विभाग के डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ. कुसुमांजलि देशमुख, वनस्पति विज्ञान के डॉ. श्रीराम कुंजाम तथा जंतु विज्ञान की डॉ. अलका मिश्रा शामिल हैं।
यह प्रशिक्षण 23 मार्च 2026 से 7 अप्रैल 2026 तक कर्नाटक के स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कुंदापुर, चल्लकेरे कैंपस, बेंगलुरु में आयोजित होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से शोध एवं शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक उन्नयन की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद चयनित प्राध्यापक अपने-अपने विषयों में अर्जित ज्ञान का प्रसार करेंगे, जिससे महाविद्यालय में शिक्षा और शोध की गुणवत्ता और बेहतर होगी।
डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से उच्च शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा और विद्यार्थियों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी चयनित प्राध्यापकों को शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
