भिलाई : न्यूज़ 36 : कुम्हारी क्षेत्र में ढाबे की आड़ में अफीम की तस्करी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 403 ग्राम अवैध अफीम और 14 लाख 46 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि 17 मार्च को कुम्हारी थाना पुलिस को खारुन ग्रीन कॉलोनी गेट-2 के पास अफीम की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर खारुन ग्रीन कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय गुरमेल सिंह को गिरफ्तार किया।
तलाशी में मिली अफीम और नकदी
पुलिस ने तलाशी लेने पर आरोपी के पास से करीब दो लाख रुपए मूल्य की 403 ग्राम अफीम बरामद की। इसके बाद ढाबे की जांच करने पर अफीम बिक्री से संबंधित 14 लाख 46 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल भी जब्त किया गया।
झारखंड से लाकर करता था सप्लाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ढाबा संचालन के साथ ट्रांसपोर्ट का काम भी करता है। वह झारखंड से अफीम लाकर अपने ढाबे के माध्यम से इसकी बिक्री करता था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य की तलाश कर रही है। आरोपी को अफीम उपलब्ध कराने वाले व खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। आशंका है, इस कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडी-पीएस एक्ट की धारा 18(ग), 27 (क) व 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
