भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक सड़क हादसे में 2 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
भिलाई नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-07 एवेन्यु ए रोड निवासी 2 वर्षीय काशवी घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान 23 मार्च की सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल (CG 07 CZ 3394) ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई।
परिजनों द्वारा तत्काल काशवी को सेक्टर-09 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 11:12 बजे उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर सड़क दुर्घटना को मौत का कारण बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि बाइक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से हादसा हुआ।
इस मामले में भिलाई नगर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ धारा 281, 125 (ए), 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
