भिलाई : न्यूज़ 36 : सोशल मीडिया अपने आप की फेमस करने की चाह में थाना परिसर के अंदर रील बनाना दो युवकों को मंहगा पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने “ऑपरेशन विश्वास” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक थाना उतई परिसर के अंदर रील बनाते हुए नजर आ रहा था। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच में पुष्टि हुई कि यह वीडियो थाना परिसर के भीतर ही बनाया गया था, जिससे प्रशासनिक परिसर की गरिमा प्रभावित हुई। इसके बाद थाना उतई पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू (27 वर्ष) एवं कनक चतुर्वेदी (24 वर्ष), दोनों निवासी स्टेशन पारा मरौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में थाना नेवई में आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इस आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 66-141/2026 के तहत धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग वीडियो रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने में किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से थाना परिसर में रील बना रहे थे।
इस पूरे मामले में थाना उतई पुलिस टीम की त्वरित और सतर्क कार्रवाई को सराहनीय माना जा रहा है, जिन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर शीघ्रता से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस ने की अपील : दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रशासनिक या शासकीय परिसर, विशेषकर थाना क्षेत्र में वीडियो या रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें। ऐसे कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं और दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
