दुर्ग : न्यूज़ 36 : मोहन नगर थाना क्षेत्र के बॉम्बे आवास उरला में मंगलवार दोपहर कक्षा 12वीं के एक छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्र घर पर अकेला था। उसकी बहन के घर पहुंचने के बाद घटना का पता चला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
मोहन नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मैहर के अनुसार मृतक की पहचान पुष्कर चौधरी (16 वर्ष), पिता शिवा चौधरी के रूप में हुई है। पुष्कर कक्षा 12वीं का छात्र था। घटना के समय उसके पिता कपड़ा प्रेस करने के काम से दुकान गए हुए थे, जबकि उसकी मां भी निजी क्षेत्र में काम करती हैं। उसकी बहन ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी।
बताया गया कि ट्यूशन से लौटकर जब बहन घर पहुंची तो गेट अंदर से बंद था। उसने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी। परिजन के पहुंचने के बाद गेट खोलकर अंदर जाने पर पुष्कर फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट नहीं मिला
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया है।
पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
