Wednesday, March 18, 2026

भिलाई में महिला टीचर का अपहरण करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार

पुलिस ने 5 घंटे में छुड़ाया

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में गुरुवार सुबह एक महिला शिक्षक के अपहरण से हड़कंप मच गया। मूक-बधिर बच्चों को पढ़ाने वाली महिला को उसके ही परिचित ऑटो चालक ने किडनैप कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और महज 5 घंटे में महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी इंतखाब आलम (42) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Oplus_16908288

तीन साल की पहचान और झूठी गरीबी की कहानी

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला रोजाना स्कूल आने-जाने के लिए उसी ऑटो का इस्तेमाल करती थी। इसी दौरान आरोपी से उसकी पहचान गहरी हो गई थी। आरोपी ने कई बार आर्थिक तंगी और कर्ज का हवाला देकर महिला से रुपए लिए थे। भरोसा बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला को बंधक बनाकर फिरौती की साजिश रच डाली।

पति को धमकी भरा फोन: “बेटा टारगेट पर था”

सुबह 10:28 बजे महिला ने अपने पति मुकेश साहू को स्कूल जाने की जानकारी दी थी। इसके करीब 20 मिनट बाद उसके मोबाइल से आए कॉल ने हालात बदल दिए। फोन पर एक असामान्य आवाज ने कहा : “डॉक्टर साहब, आपकी पत्नी हमारे पास है। उसे जिंदा देखना चाहते हो तो 5 लाख रुपए लाओ। मेरे निशाने पर तो तुम्हारा बेटा था। पुलिस को बताया तो अंजाम बुरा होगा।”

इसके बाद आरोपी ने महिला की बंधक स्थिति में फोटो भी भेजी। दोबारा कॉल करने पर मोबाइल बंद मिला, जिससे मुकेश घबरा गया।

स्कूल पहुंचकर सच सामने आया

घबराए पति ने सेक्टर-8 स्थित स्कूल पहुंचकर पुष्टि की—जहां पता चला कि पत्नी वहां पहुंची ही नहीं। मुकेश तुरंत छावनी थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।

स्पेशल टीम ने की लोकेशन ट्रैकिंग

शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई। कॉल डिटेल, संभावित लोकेशन और आरोपी के संपर्कों की जांच की गई। तलाश के दौरान पुलिस ने महिला को एक सुनसान जगह से सकुशल बरामद किया और आरोपी को दबोच लिया।

Oplus_16908288

फिरौती का दबाव बनाकर महिला को नुकसान पहुंचाने की धमकी

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पैसों के लिए यह पूरी योजना बनाई थी। उसे उम्मीद थी कि पुराने संबंधों के कारण शिक्षक परिवार दबाव में आकर रकम दे देगा।

पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टला

पुलिस की तेजी से कार्रवाई के कारण महिला सुरक्षित बचाई जा सकी और बड़ा अपराध टल गया। आरोपी के खिलाफ अपहरण और फिरौती की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news