छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
भिलाई : न्यूज़ 36 : छावनी थाना क्षेत्र में ऑटो में सवार यात्री की जेब से ₹2,500 रुपये छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महाराणा प्रताप बरदाना दुकान के पास ऑटो रोककर यात्री से झपटमारी की थी। छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को उमाशंकर प्रसाद श्रीवास्तव ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो क्रमांक CG 07 T 3083 से अपने घर कैलाश नगर, जामुल जा रहे थे। ऑटो में चालक के अलावा उसका एक साथी भी मौजूद था।
महाराणा प्रताप बरदाना दुकान के पास पहुंचते ही ऑटो चालक ने वाहन रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद चालक और उसके साथी ने मिलकर यात्री की जेब में रखे ₹2,500 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने तत्काल शुरू की पतासाजी
घटना की रिपोर्ट मिलते ही छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 537/2026, धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी करते हुए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने यात्री की जेब से ₹2,500 छीनकर ले जाने की बात स्वीकार की। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी : पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलेन्दर सिंह उर्फ मोना (42 वर्ष), निवासी सुभाष चौक, कैम्प-01, भिलाई और आरीफ खान (44 वर्ष), निवासी सुभाष चौक, कैम्प-01, भिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का तरीका यह था कि ऑटो में यात्री को बैठाने के बाद निर्धारित स्थान के आसपास वाहन रोककर यात्री की जेब से नगदी छीन ली जाती थी और इसके बाद दोनों मौके से फरार हो जाते थे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑटो या सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान नगदी और कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
