Tuesday, October 6, 2026

दुर्ग पुलिस का एक्शन : 185 जवानों ने गुंडा-बदमाशों के ठिकाने खंगाले

4 घंटे चला अभियान, हथियार-शराब बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने दुर्ग पुलिस ने मंगलवार तड़के जिले के दुर्ग, भिलाई नगर और
छावनी अनुभाग में एक साथ विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले अभियान में 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मैदान में उतरे और गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, वारंटियों, फरार आरोपियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों की जांच की।
पुलिस टीमों ने चिन्हित व्यक्तियों की तस्दीक के साथ उनके निवास और दस्तावेजों का सत्यापन किया। बाहरी क्षेत्रों से आकर रह रहे संदिग्ध एवं अनधिकृत व्यक्तियों की भी जानकारी जुटाई गई। इस दौरान कई स्थानों पर घरों की तलाशी लेते हुए धारदार हथियार और अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की है।

सुबह-सुबह एक साथ कई इलाकों में पहुंची पुलिस

दुर्ग अनुभाग में उरला, अंबेडकर नगर, बांबे आवास शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक क्षेत्र में शंकर नगर, जवाहर नगर और ग्रीन चौक क्षेत्र में विशेष चेकिंग की गई। वहीं भिलाई नगर अनुभाग में फरीद नगर, डेरा बस्ती, सुपेला सहित चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक की।

छावनी अनुभाग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में देवार बस्ती और अटल आवास में पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर निवासरत लोगों की जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया। संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों की भी तलाशी ली गई।

बदमाश के घर के पास मिली बिना नंबर
का KTM

मोहन नगर थाना क्षेत्र में आदतन बदमाश राहुल गाडा के घर के पास एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी सामने आई।

पुलिस वाहन के संबंध में आवश्यक सत्यापन और वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राहुल गाडा को इस वाहन के मामले में आरोपी घोषित नहीं किया गया है।

तीनों अनुभागों से 185 जवान रहे तैनात

विशेष अभियान में दुर्ग अनुभाग से 67, भिलाई नगर अनुभाग से 63 और छावनी अनुभाग से 55, यानी कुल 185 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे।

अचानक और समन्वित तरीके से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करना, फरार एवं वारंटियों की तस्दीक, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा अवैध हथियार और शराब जैसी सामग्री की धरपकड़ करना रहा।

Oplus_16908288

दुर्ग पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। मकान मालिकों से भी अपने यहां निवासरत लोगों की आवश्यक जानकारी एवं पहचान का सत्यापन करने की अपील की गई है।

पुलिस ने कहा है कि अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग एवं तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news